मेदिनीनगर: पलामू जिले के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने गुरुवार को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न इकाइयों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मरीजों से सीधे संवाद कर इलाज और सुविधाओं से संबंधित फीडबैक प्राप्त किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को समयबद्ध, बेहतर और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी तत्परता और जवाबदेही के साथ करने का निर्देश दिया।
जांच के क्रम में उपायुक्त ने पाया कि अस्पताल परिसर में स्थापित हेल्थ इंफॉर्मेशन मशीन अपडेट नहीं थी। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए मशीन को शीघ्र अपडेट करने का निर्देश दिया।
अस्पताल परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्था को लेकर भी उपायुक्त ने नाराजगी जाहिर की। निरीक्षण के दौरान लिफ्ट के समीप पान-गुटखा के दाग और गंदगी पाए जाने पर उन्होंने सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मियों और बागवानी सुपरवाइजर को बुलाकर कड़ी चेतावनी दी तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में स्वच्छता, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा हर हाल में सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्था में त्वरित सुधार लाने और मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
मौके पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरके रंजन, अस्पताल प्रशासन के अधिकारी, अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।

0 टिप्पणियाँ