मेदिनीनगर/पलामू : जिला कांग्रेस कमिटी के महासचिव अभिषेक तिवारी ने जेटेट (JTET) की नई नियमावली में भोजपुरी एवं मगही भाषा को शामिल करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन उपायुक्त पलामू के माध्यम से सौंपा।
सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि पलामू, गढ़वा एवं आसपास के क्षेत्रों में भोजपुरी और मगही भाषा व्यापक रूप से बोली एवं समझी जाती है। इन भाषाओं का स्थानीय जनजीवन, संस्कृति और शिक्षा से गहरा जुड़ाव है। इसके बावजूद जेटेट की वर्तमान तथा प्रस्तावित नई नियमावली में इन क्षेत्रीय भाषाओं को शामिल नहीं किया गया है, जिससे स्थानीय अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में असमानता और कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
अभिषेक तिवारी ने मांग करते हुए कहा कि जेटेट नियमावली में भोजपुरी एवं मगही भाषा को शीघ्र शामिल किया जाए, ताकि क्षेत्रीय भाषाओं को उचित सम्मान मिल सके और स्थानीय युवाओं को समान अवसर प्राप्त हो। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
मौके पर मुख्य रूप से प्रवक्ता मणिकांत सिंह, जिला सचिव संजय बर्मन, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुधीर पासवान, एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष अमरनाथ तिवारी, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

0 टिप्पणियाँ