मेदिनीनगर : पलामू जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रिजवान खान ने स्टेट बैंक बाजार शाखा डाल्टनगंज के प्रबंधक के खिलाफ पलामू उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष अनिल सिंह भी मौजूद थे।
रिजवान खान ने आरोप लगाया कि उद्योग विभाग द्वारा अनुशंसित एक लाभुक का आवेदन प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना (PMEGP) के तहत स्टेट बैंक बाजार शाखा डाल्टनगंज भेजा गया था। बावजूद इसके, बैंक प्रबंधन द्वारा लाभुक को लगातार दो महीने से बैंक का चक्कर लगवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जब वे शाखा प्रबंधक से मिलने पहुंचे तो प्रबंधक ने कथित तौर पर कहा कि “लोन रिजेक्ट कर दूंगा” और यह भी कहा कि “यहां से लोन स्वीकृत नहीं होता है।” रिजवान खान के अनुसार, जब उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना का हवाला देते हुए कहा कि यह शिक्षित बेरोजगारों के लिए केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, तब भी प्रबंधक ने सहयोग से इनकार कर दिया।
कांग्रेस नेता ने बताया कि जब उन्होंने उपायुक्त के पास जाने की बात कही तो प्रबंधक ने कथित रूप से कहा कि “जहां जाना है जाइए।” इसके बाद उन्होंने पलामू उपायुक्त से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की और बैंक प्रबंधक के कार्यशैली पर नाराजगी जताई।
रिजवान खान ने कहा कि उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्हें आश्वस्त किया है कि लाभुक को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपायुक्त की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पलामू के आम लोग उनके कार्यों से प्रभावित हैं।

0 टिप्पणियाँ