पलामू पुलिस अब आम लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में नई पहल करने जा रही है। इस अभियान की शुरुआत जिला मुख्यालय मेदिनीनगर से होगी। इसके तहत पुलिस समाज के अलग-अलग वर्गों से सुझाव लेकर कानून व्यवस्था, सामाजिक समन्वय और जनसुरक्षा को बेहतर बनाने का प्रयास करेगी।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि यह संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से प्रत्येक सप्ताह आयोजित किया जाएगा। शुरुआत जिला स्तर से होगी, जिसके बाद इसे अनुमंडल स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वयं एसपी करेंगे।
इस पहल के तहत चैंबर ऑफ कॉमर्स, व्यवसायी संगठन, अधिवक्ता, डॉक्टर, शिक्षक, प्रोफेसर, सामाजिक कार्यकर्ता, एनजीओ, मजदूर वर्ग, नगर निगम प्रतिनिधि, मुखिया संघ, छात्र-छात्राएं समेत विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। पुलिस केवल शिकायतें सुनने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि समाज के लोगों से सुझाव भी लेगी ताकि बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था विकसित की जा सके।
एसपी ने कहा कि सुरक्षित और बेहतर सामाजिक माहौल बनाने में जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है। पुलिस चाहती है कि लोगों के साथ विश्वास और सहयोग का मजबूत संबंध बने, ताकि किसी भी समस्या या आपदा की स्थिति में त्वरित सहायता पहुंचाई जा सके।
उन्होंने कहा कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की चुनौतियां अलग-अलग हैं। इसी कारण दोनों इलाकों के लिए अलग रणनीति और कार्य योजना तैयार की जा रही है। संवाद कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ऐसा साझा मंच विकसित करना चाहती है, जहां आम लोग अपनी बात सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकें और समस्याओं के समाधान पर सामूहिक रूप से काम हो सके।
0 टिप्पणियाँ