ad

ad

पंचतत्व में विलीन हुए अशोक प्रसाद गुप्ता, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता समेत जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

मेदिनीनगर (पलामू)। पांकी प्रखंड के हुरलौंग गांव निवासी अशोक प्रसाद गुप्ता का मंगलवार को पूरे वैदिक रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार किया गया। स्थानीय श्मशान घाट पर उनके बड़े पुत्र ने मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों की बड़ी संख्या उमड़ी। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल रहा।


अंतिम यात्रा के दौरान लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी तथा श्मशान घाट पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उपस्थित लोगों ने अशोक प्रसाद गुप्ता को सरल, सहज, मिलनसार और समाजसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बताते हुए उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

अंतिम संस्कार में पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता, हुरलौंग पंचायत की मुखिया बिंदा देवी, प्रो. बच्चन ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। सभी ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

परिजनों के अनुसार स्वर्गीय अशोक प्रसाद गुप्ता, हुरलौंग निवासी पिंटू गुप्ता के बड़े भाई थे। वे लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। सोमवार को बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची के मेदाता अस्पताल ले जाया गया था। उपचार के बाद उन्हें घर लाया गया, लेकिन मंगलवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सदर अस्पताल, मेदिनीनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

उनके निधन की खबर फैलते ही हुरलौंग सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पहुंचकर अंतिम दर्शन किए और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

ग्रामीणों ने बताया कि अशोक प्रसाद गुप्ता हमेशा सामाजिक, धार्मिक और पारिवारिक आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। वे जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते थे, जिसके कारण क्षेत्र में उनकी अलग पहचान और सम्मान था। शोकसभा में वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन समाज सेवा, सद्भाव और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। उनका निधन केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।

अंतिम संस्कार में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों, रिश्तेदारों एवं ग्रामीणों ने पुष्प अर्पित कर दिवंगत अशोक प्रसाद गुप्ता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

मुख्यमंत्री ने ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने पर दिया जोर, पलामू में 15 लाभुकों को मिला लाइसेंस