मेदिनीनगर (पलामू), संवाददाता।
शहर थाना क्षेत्र के रेडमा मोहल्ला निवासी 32 वर्षीय युवक विनीत तिवारी की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजनों में आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद तिवारी के पुत्र विनीत तिवारी शनिवार की शाम करीब 7 बजे अपने घर के पास टहल रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उनका अपहरण कर लिया। घटना के बाद परिजनों ने शहर थाना में मामला दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुट गई।
रविवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि अपहृत युवक की हत्या कर दी गई है। अपराधियों ने शव को सदर थाना क्षेत्र के जोरकट गांव स्थित बाबा ढाबा होटल के समीप फेंक दिया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी रंजीव रंजन, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार एवं सदर थाना प्रभारी ललन कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या के कारणों की छानबीन के साथ-साथ अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है।
इधर, इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ