मेदिनीनगर (पलामू), संवाददाता।
पलामू जिला कांग्रेस के प्रवक्ता गोपाल सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा है कि अब देश की महिलाएं भाजपा की ओछी राजनीति को पहचान चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा आयोजित महिला आक्रोश रैली बुरी तरह निष्प्रभावी साबित हुई और अपेक्षित भीड़ नहीं जुट सकी।
गोपाल सिंह ने कहा कि महिलाओं के नाम पर कार्यक्रम करना और चुनाव बाद उन्हें भूल जाना भाजपा की पुरानी प्रवृत्ति रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में महिलाओं को राजनीतिक उद्देश्य से जुटाने का प्रयास किया गया, लेकिन महिलाओं ने इस मंशा को समझते हुए उसमें खास रुचि नहीं दिखाई।
उन्होंने सवाल उठाया कि वर्ष 2023 में महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के बावजूद अब तक उसे लागू क्यों नहीं किया गया। भाजपा को इस पर जवाब देना चाहिए कि कानून बनने के बाद भी महिलाओं को उनका अधिकार क्यों नहीं मिला।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि वर्तमान समय में देश महंगाई, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और किसानों की समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार का ध्यान इन मुद्दों के समाधान के बजाय प्रचार-प्रसार और कार्यक्रमों पर अधिक केंद्रित है।
गोपाल सिंह ने कहा कि देश की महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं और वे केवल दिखावटी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा, समानता और अपने अधिकारों का वास्तविक संरक्षण चाहती हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में महिलाएं भाजपा को उसके कथित दिखावे की राजनीति का जवाब देंगी।

0 टिप्पणियाँ