पांकी (पलामू), 24 जुलाई। मज़दूर किसान महाविद्यालय, डंडारकला में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में वन महोत्सव का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार, क्षेत्रीय निदेशालय पटना तथा नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और हरित भविष्य के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार राम ने की, जबकि राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. बंशीधर सिंह ने कार्यक्रम का संचालन एवं नेतृत्व किया।
अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार राम ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण भी करना चाहिए। वहीं डॉ. बंशीधर सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। उन्होंने कहा कि वन महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करते हैं।
कार्यक्रम में श्री पुरुषोत्तम सिंह, श्री रामबिलास सिंह, डॉ. राजू रंजन, डॉ. राजेश चौधरी, डॉ. आलोक पाठक, डॉ. पूनम कुमारी, डॉ. श्वेता कुमारी एवं अनुपम कुमारी सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, छात्र-छात्राएँ तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। महाविद्यालय परिसर में लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का भी निर्णय लिया गया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण मिल सके।
— जनसंवाद न्यूज, पांकी (पलामू)
0 टिप्पणियाँ