मेदिनीनगर/पलामू, 28 जुलाई।
पलामू पुलिस ने पिपरा थाना क्षेत्र के ग्राम मधुबाना में हुई हत्या की गुत्थी महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून लगा बलुआ भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पलामू द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे ग्राम मधुबाना स्थित वीर कुंवर स्थान के पास प्रभुनाथ रजवार (50 वर्ष) गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। उन्हें पहले अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर और बाद में बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई के फर्दबयान पर पिपरा थाना में हत्या तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, छतरपुर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
लगातार छापेमारी के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी रमेश सिंह (55 वर्ष), पिता स्व. मुंगेधरी सिंह उर्फ मोरा सिंह, निवासी मधुबाना, थाना पिपरा को पड़वा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि पिछले वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान हुए विवाद और गाली-गलौज की घटना के कारण उसके मन में मृतक के प्रति रंजिश थी। इसी रंजिश में उसने धारदार हथियार (बलुआ) से हमला कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का बेंट लगा खून से सना बलुआ भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी
पु.अ.नि. प्रदीप शर्मा – थाना प्रभारी, पिपरा थाना
पु.अ.नि. रूपा बाखला – थाना प्रभारी, महिला थाना छतरपुर
पु.अ.नि. रंजीत कुमार मरांडी – पिपरा थाना
स.अ.नि. ललन दास – पिपरा थाना
स.अ.नि. कुमार नीरज – पिपरा थाना
स.अ.नि. जितेन्द्र उरांव – पिपरा थाना
स.अ.नि. बद्री राम – पिपरा थाना
स.अ.नि. जेवियर मिंज – पिपरा थाना
सशस्त्र बल, पिपरा थाना
— जनसंवाद न्यूज
0 टिप्पणियाँ