रूचिर तिवारी ने जेएमपी परिसर प्रबंधन पर लापरवाही का लगाया आरोप, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और स्पीडी ट्रायल की मांग
मेदिनीनगर (पलामू): भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के जिला सचिव एवं डाल्टनगंज विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी रूचिर कुमार तिवारी ने बाईपास रोड स्थित जेएमपी परिसर में गार्ड विनोद पांडे की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया। उन्होंने घटना में शामिल अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी तथा स्पीडी ट्रायल चलाकर कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
रूचिर तिवारी ने आरोप लगाया कि जेएमपी परिसर में गार्ड के साथ पहले से विवाद की जानकारी होने के बावजूद परिसर प्रबंधन ने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए। उनका कहना था कि यदि समय रहते पुलिस को सूचना देकर अतिरिक्त सुरक्षा की व्यवस्था की जाती, तो इस घटना को रोका जा सकता था।
भाकपा नेता ने मांग की कि जेएमपी परिसर के मालिक जेटेश्वर महतो मृतक विनोद पांडे के परिजनों को ₹20 लाख का मुआवजा तथा परिवार के भरण-पोषण के लिए ₹10 हजार प्रतिमाह आर्थिक सहायता दें। उन्होंने कहा कि ₹1.5 लाख मुआवजा और ₹6 हजार मासिक सहायता की चर्चा मृतक परिवार के साथ अन्याय है। उनका दावा है कि वर्तमान महंगाई में अंतिम संस्कार पर ही लगभग ₹2 लाख का खर्च हो जाता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उचित मुआवजा नहीं दिया गया, तो मृतक के परिजनों के साथ मिलकर होटल/परिसर प्रबंधन के खिलाफ क्षतिपूर्ति (कंपनसेशन) का मुकदमा दायर किया जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता सूर्यपत सिंह, नगर सचिव सुरेश ठाकुर, नौजवान संघ के जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, अभय कुमार, रामजीत राम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे ।
0 टिप्पणियाँ