हरिहरगंज (पलामू)। पलामू जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुबना पंचायत सचिवालय के समीप सोमवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बरगद के पेड़ के नीचे ताश खेल रहे एक व्यक्ति पर धारदार हथियार (बलुआ) से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान मधुबना गांव निवासी प्रभु रजवार (लगभग 50–55 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव के ही रमेश सिंह उर्फ तलाबू सिंह ने अचानक पीछे से प्रभु रजवार पर बलुआ से हमला कर दिया। आरोपी ने उनके मुंह, सीने और जांघ पर कई वार किए। घटना के दौरान मौजूद लोगों को भी आरोपी ने धमकाकर वहां से भगा दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह घटनास्थल पर हथियार छोड़कर फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल प्रभु रजवार को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में एसआई रंजीत कुमार मरांडी, एएसआई ललन दास, जेवियर मिंज, जितेंद्र उरांव एवं नीरज कुमार शामिल थे। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त बलुआ, एक कटी हुई उंगली, दांत तथा हड्डी के टुकड़े बरामद किए हैं।
पिपरा थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक
घटना की जानकारी मिलते ही पिपरा प्रमुख विक्रांत सिंह यादव, झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष विश्वनाथ राम, तेंदुई पंचायत मुखिया प्रतिनिधि अरविंद कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे। सभी ने मृतक के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
0 टिप्पणियाँ