सोना-सोबरन योजना में धीमे वितरण पर मेदिनीनगर एमओ को डीसी की फटकार
मेदिनीनगर। जिला आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने अयोग्य राशन कार्ड हटाने के बाद पात्र आवेदकों को नियमानुसार जल्द नया राशन कार्ड जारी करने का निर्देश दिया। मंगलवार को समाहरणालय सभागार में हुई बैठक में NFSA, JSFSS, राशन कार्ड, धान अधिप्राप्ति, CMR जमा, चना-दाल वितरण और सोना-सोबरन धोती-साड़ी-लूंगी योजना की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि अयोग्य राशन कार्ड हटाए जाने के अनुरूप नए राशन कार्ड के लिए प्राप्त पात्र आवेदनों का सत्यापन कर शीघ्र कार्ड जारी किया जाए, ताकि कोई पात्र व्यक्ति राशन की सुविधा से वंचित न रहे।
80 प्रतिशत वितरण पर जताई नाराजगी
सोना-सोबरन धोती-साड़ी-लूंगी योजना की समीक्षा के दौरान मेदिनीनगर के मार्केटिंग ऑफिसर द्वारा अब तक 80 प्रतिशत लाभुकों को ही वितरण किए जाने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई और फटकार लगाई। उन्होंने शेष पात्र लाभुकों के बीच जल्द वितरण कर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने खाद्यान्न वितरण और डोर स्टेप डिलीवरी की नियमित मॉनिटरिंग, चना-दाल के समय पर वितरण तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण का निर्देश दिया। धान अधिप्राप्ति और CMR जमा में तेजी लाने के साथ राइस मिलों से समय पर CMR प्राप्त करने को भी कहा।
गोदाम व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीसी ने निर्देश दिया कि जहां जन सेवक गोदाम का प्रभार संभाल रहे हैं, वहां संबंधित एमओ को एजीएम का अतिरिक्त प्रभार देने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार, एजीएम सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
जनसंवाद न्यूज संवाददाता
मेदिनीनगर, पलामू
0 टिप्पणियाँ