ad

ad

पंचायत परामर्श यात्रा के दूसरे दिन तरहसी पहुंचे के.एन. त्रिपाठी, जनसमस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का लिया संकल्प

पांकी/तरहसी, प्रतिनिधि। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी की पंचायत परामर्श यात्रा के दूसरे दिन मंगलवार को पलामू जिले के तरहसी प्रखंड की करीब 10 पंचायतों का दौरा किया गया। उदयपुरा से शुरू हुई यात्रा मझौली, पाठक पगार सहित विभिन्न पंचायतों से होते हुए कसमार पंचायत में संपन्न हुई। यात्रा के बाद पांकी में आयोजित प्रेस वार्ता में त्रिपाठी ने ग्रामीणों की प्रमुख समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

उन्होंने बताया कि अधिकांश पंचायतों में लोगों ने अंचल कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर शिकायत की। वहीं, जमुना नदी के कटाव से किसानों की जमीन नदी में समाने की समस्या भी प्रमुख रूप से सामने आई। ग्रामीणों ने नदी किनारे गार्डवाल निर्माण तथा नदी पर बांध बनाकर सिंचाई की व्यवस्था विकसित करने की मांग रखी।

पूर्व मंत्री ने अमानत बराज परियोजना को पलामू के किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नहर निर्माण अधूरा रहने से इसका लाभ किसानों को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री, संबंधित मंत्रियों एवं मुख्य सचिव से परियोजना को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। उनका कहना था कि इससे पांकी, तरहसी, मनातू और पाटन सहित कई प्रखंडों के किसानों को सिंचाई का लाभ मिलेगा।

यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति में सुधार तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में हिंदी माध्यम के प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। त्रिपाठी ने कहा कि इन सभी मुद्दों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा।

हाल ही में मिले कारण बताओ नोटिस के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना उनका कर्तव्य है और वे जनहित के मुद्दे आगे भी उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी को किसी बात पर स्पष्टीकरण चाहिए तो वह संगठन का सम्मान करते हुए अपना पक्ष रखेंगे।

त्रिपाठी ने बताया कि उनकी पंचायत परामर्श यात्रा पलामू, गढ़वा और लातेहार जिलों की कुल 587 पंचायतों तक पहुंचेगी, जहां वे ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

पंचायत परामर्श यात्रा के दूसरे दिन तरहसी पहुंचे के.एन. त्रिपाठी, जनसमस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का लिया संकल्प