पांकी। भारतीय जनता पार्टी पांकी प्रखंड कार्यसमिति की एक महत्वपूर्ण बैठक बसडीहा शक्ति केंद्र में मंडल अध्यक्ष विश्वजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अजय कुमार तिवारी, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, जिला महामंत्री विजय ठाकुर तथा जिला ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष शंकर प्रसाद मुख्य रूप से उपस्थित रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की योजनाओं एवं अभियानों को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 2 अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे प्रखंड में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। इसके अलावा 650वीं संत रविदास जयंती के अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि जयंती समारोह 2 फरवरी 2027 तक विभिन्न चरणों में मनाया जाएगा, जबकि कलश यात्रा का आयोजन अगस्त से नवंबर तक किया जाएगा।
इस अवसर पर संगठन की आगामी गतिविधियों, सदस्यता विस्तार, बूथ सशक्तीकरण तथा विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने सभी कार्यकर्ताओं से निर्धारित कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
बैठक में पूर्व मंडल अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह, भाजपा महामंत्री श्याम नंदन ओझा, सत्येंद्र सिंह, साधु मांझी, धनंजय कुमार महतो, यशवंत कुमार, पंकज ठाकुर, बिगन ठाकुर, लक्ष्मण यादव, जितेंद्र शाह, बिहारी पासवान, संजय पासवान, सत्य प्रकाश पांडेय, सचिन कुमार, विनोद चौहान, विनय चौहान, मधु सिंह, चंद्रशेखर सिंह उर्फ लाल सिंह, निर्मल नारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ