पलामू | जनसंवाद न्यूज
पलामू जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के बहेरा बाजार में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक बाइक की डिक्की से अवैध हथियार बरामद किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि बहेरा बाजार में खड़ी एक पल्सर बाइक (रजिस्ट्रेशन संख्या JH19C-9296) की डिक्की में अवैध हथियार रखा गया है। सूचना के सत्यापन के लिए पिपराटांड़ थाना पुलिस ने बहेरा बाजार स्थित एक गली में खड़ी बाइक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक में रखे बैग से एक लोडेड देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बरामद हथियार गुड्डू साईं (पिता- सदीक साईं) एवं क्यूम साईं (पिता- स्व. पिरो साईं), दोनों निवासी ग्राम नौडीहा, थाना पिपराटांड़, जिला पलामू द्वारा बाइक में रखा गया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में पिपराटांड़ थाना कांड संख्या 42/2026 दिनांक 2 अगस्त 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/35 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
जब्त सामग्री
एक लोडेड देसी कट्टा
दो जिंदा कारतूस
पल्सर बाइक (रजिस्ट्रेशन संख्या JH19C-9296)
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा बरामद हथियार के स्रोत और उसके संभावित उपयोग के संबंध में भी छानबीन की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ