संवाददाता, पांकी | झारखंड सरकार की ग्रासरूट्स इनोवेशन इंटर्नशिप स्कीम के अंतर्गत सोमवार को पलामू जिले के पकरीया एवं करार पंचायत में एक विशेष फील्ड विजिट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मजदूर किसान महाविद्यालय, डंडार कला (पांकी) के चयनित विद्यार्थियों ने भाग लेते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद स्थानीय नवाचारों, पारंपरिक ज्ञान और विकास कार्यों का अध्ययन किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समस्याओं की पहचान, उनके समाधान के प्रयासों का दस्तावेजीकरण तथा स्थानीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग को समझना था। विद्यार्थियों ने पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर क्षेत्र की चुनौतियों, विकास योजनाओं और जनसहभागिता की भूमिका की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
पकरीया पंचायत में टीम-1 का नेतृत्व सबा नाज ने किया। टीम में लवकुश कुमार, विकास कुमार और रबे हसन खान शामिल रहे। वहीं करार पंचायत में टीम-2 का नेतृत्व अमन कुमार सिंह ने किया, जिनके साथ राहुल कुमार, दुर्गा कुमार और गौशिया परवीन मौजूद थीं।
इस दौरान पकरीया पंचायत की मुखिया सुमन कुमारी तथा करार पंचायत की मुखिया मीना कुमारी एवं सरपंच सरवन रजक ने पंचायत क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि स्थानीय नवाचारों को बढ़ावा देकर युवाओं को ग्रामीण विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है।
कार्यक्रम की मेंटर डॉ. सुल्ताना परवीन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रासरूट्स इनोवेशन का उद्देश्य गांवों में मौजूद रचनात्मक विचारों, पारंपरिक ज्ञान और स्थानीय समाधानों की पहचान कर उन्हें व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से ग्रामीण समुदाय के साथ मिलकर कार्य करने और स्थानीय समस्याओं के नवाचारी समाधान खोजने का आह्वान किया।
फील्ड विजिट को सफल बनाने में राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, पुरुषोत्तमपुर के शिक्षक आफताब आलम तथा प्रोजेक्ट हाई स्कूल के सेवानिवृत्त शिक्षक मोहम्मद कलीम का विशेष योगदान रहा। दोनों ने विद्यार्थियों को पंचायत एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने और कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित करने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। यह फील्ड विजिट प्रतिभागियों के लिए ग्रामीण विकास, सामाजिक नवाचार और स्थानीय संसाधनों के महत्व को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ।
0 टिप्पणियाँ