पलामू: पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत छापर गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक महिला की मौत उसके पति द्वारा कथित रूप से की गई पिटाई के कारण हो गई। मृतका की पहचान रीता देवी के रूप में हुई है। महिला के मायके पक्ष ने पति अशोक सिंह पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
शराब के नशे में की गई थी पिटाई
मृतका के परिजनों का आरोप है कि 22 जून की रात किसी आपसी विवाद के बाद अशोक सिंह ने शराब के नशे में रीता देवी के साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल रीता को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे रांची के रिम्स रेफर किया गया। जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस को दी गई लिखित शिकायत
मायके पक्ष द्वारा पांकी थाना में लिखित शिकायत दी गई है, जिसमें उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि यह एक सोची-समझी हत्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि अशोक सिंह ने रीता देवी की जानबूझकर हत्या की है और उसे बर्बर तरीके से पीटा गया।
पुलिस कर रही है जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नेत्री मंजु लता दुबे ने जताया समर्थन
स्थानीय नेत्री मंजु लता दुबे ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना को लेकर वह प्रशासनिक स्तर पर भी आवाज उठाएंगी और पीड़िता को न्याय दिलवाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी।
गांव में शोक और रोष का माहौल
घटना से गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। रीता देवी के मायके वालों का कहना है कि यह कोई साधारण घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
0 टिप्पणियाँ