मेदिनीनगर: परिवहन विभाग, झारखंड के निर्देशानुसार गुरुवार को पलामू जिले के मनातू प्रखंड स्थित मंझौली-1 पंचायत क्लस्टर में पंचायत स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में प्रेस विज्ञप्ति जारी होने तक कुल 182 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 136 युवाओं को मौके पर ही लर्निंग लाइसेंस प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने लाभुकों को लर्निंग लाइसेंस वितरित करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने का संदेश दिया।
कैंप में सड़क सुरक्षा, गुड सेमेरिटन योजना और हिट एंड रन मुआवजा योजना की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने लोगों से सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति को बिना देर किए अस्पताल पहुंचाने का आह्वान किया।
आवेदकों की सुविधा के लिए कैंप में आवश्यक तकनीकी संसाधन और पर्याप्त कंप्यूटर ऑपरेटर उपलब्ध कराए गए, जिससे आवेदन और लर्निंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हुई। कार्यक्रम में परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ