मेदिनीनगर/नई दिल्ली, 23 जुलाई। पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने गुरुवार को नई दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अध्यक्ष संतोष कुमार यादव से मुलाकात कर डालटनगंज फोरलेन बाईपास के पोखराहा और जोड़ स्थित महत्वपूर्ण क्रॉसिंग पर Vehicle Under Pass (VUP)/फ्लाईओवर के निर्माण की मांग की। सांसद ने इस मुद्दे को लोकसभा में नियम 377 के तहत भी उठाया।
सांसद ने बताया कि भारतमाला परियोजना के अंतर्गत रांची–वाराणसी फोरलेन कॉरिडोर (राष्ट्रीय राजमार्ग-39) के सेक्शन-3 (भोगू से शंखा) में निर्मित डालटनगंज फोरलेन बाईपास सड़क ने पोखराहा के समीप डालटनगंज–पांकी मार्ग तथा जोड़ के समीप बैरिया–पाटन मार्ग को क्रॉस किया है। इन दोनों स्थानों पर अंडरपास या फ्लाईओवर नहीं बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है और लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि इन दोनों क्रॉसिंग पर कई लोगों की असामयिक मौत हो चुकी है। वहीं, जोरकट के पास टोल प्लाजा शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी बढ़ी है तथा VUP निर्माण की मांग को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं।
सांसद विष्णु दयाल राम ने बताया कि उनके लगातार प्रयासों के बाद NHAI की तकनीकी टीम ने करीब चार माह पहले स्थल निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान टीम ने पोखराहा और जोड़ दोनों स्थानों पर VUP निर्माण को आवश्यक माना था, लेकिन अब तक न तो प्रशासनिक स्वीकृति मिली और न ही निर्माण कार्य शुरू हो सका।
उन्होंने कहा कि फोरलेन बाईपास पर यातायात शुरू होने के बाद दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ गया है, जिससे लगातार जनहानि हो रही है। इस स्थिति को देखते हुए उन्होंने NHAI अध्यक्ष से तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।
सांसद के अनुसार, NHAI अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने बैठक के दौरान झारखंड के NHAI क्षेत्रीय पदाधिकारी संतोष कुमार से फोन पर बात कर पोखराहा और जोड़ में VUP/फ्लाईओवर निर्माण के लिए अविलंब प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। साथ ही प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देकर निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन भी दिया।
सांसद ने कहा कि जनहित और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पोखराहा और जोड़ में जल्द से जल्द VUP का निर्माण कराया जाना आवश्यक है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके और क्षेत्र की जनता को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
0 टिप्पणियाँ