मेदिनीनगर (पलामू), 29 जुलाई।
समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में साप्ताहिक जन समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जन समाधान दिवस में सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े कई मामले सामने आए। लाभुकों ने पेंशन भुगतान में तकनीकी त्रुटि, आधार सीडिंग, बैंक खाते से संबंधित समस्याओं सहित अन्य शिकायतें दर्ज कराईं। उपायुक्त के निर्देश पर सामाजिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही सत्यापन कर तकनीकी त्रुटियों का समाधान किया, जिससे संबंधित लाभुकों की पेंशन भुगतान प्रक्रिया दोबारा सुचारू हो सकी।
कार्यक्रम के दौरान भूमि विवाद एवं राजस्व से जुड़े कई आवेदन भी प्राप्त हुए। उपायुक्त ने संबंधित अंचलाधिकारियों से दूरभाष पर बात कर सभी मामलों की निष्पक्ष जांच करते हुए शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भूमि विवाद के मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और आम लोगों को समय पर न्याय मिलना चाहिए।
इसके अलावा राजस्व, आपूर्ति, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को जन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
0 टिप्पणियाँ