जनसंवाद न्यूज | राजनीति | राज्य से जुड़ी बड़ी खबर
📅 12 जुलाई 2025
रिपोर्ट: पंकज प्रसून
झारखंड के खेल और पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा देने की संभावनाओं के बीच शनिवार को एक अहम मुलाकात हुई। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और झारखंड की शान महेंद्र सिंह धोनी ने आज राज्य के पर्यटन, कला, संस्कृति एवं खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से शिष्टाचार भेंट की।
मुलाकात के बाद मंत्री सुदिव्य सोनू ने इस विशेष क्षण को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा –
"आज झारखंड के गौरव, विश्वविख्यात क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी जी से आत्मीय मुलाकात हुई। खेल और पर्यटन के क्षेत्र में राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने को लेकर सार्थक चर्चा हुई। मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले दिनों में धोनी जी का अनुभव और प्रेरणा, झारखंड की तरक्की में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।"
सूत्रों के अनुसार, इस मुलाकात के बाद चर्चा तेज हो गई है कि महेंद्र सिंह धोनी को झारखंड सरकार द्वारा राज्य का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया जा सकता है। यदि ऐसा होता है, तो यह कदम झारखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक नई पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित हो सकता है।
धोनी, जो खुद रांची से ताल्लुक रखते हैं, हमेशा से झारखंड के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहे हैं। यदि उन्हें यह जिम्मेदारी मिलती है, तो उनके नेतृत्व और छवि का लाभ खेल, पर्यटन और संस्कृति के प्रचार-प्रसार में निश्चित रूप से मिलेगा।
अब पूरे राज्य की निगाहें इस संभावित घोषणा पर टिकी हैं — क्या जल्द ही कैप्टन कूल बनेंगे झारखंड के ब्रांड एंबेसडर?
0 टिप्पणियाँ