पांकी (पलामू): शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल के तहत पांकी प्रखंड में ज्ञानोदय स्कूल का भव्य उद्घाटन किया गया। यह विद्यालय उसी परिसर में शुरू किया गया है, जहां पूर्व में सरस्वती शिशु मंदिर संचालित होता था। क्षेत्र के लोगों में इस नए विद्यालय को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद, उप प्रमुख अमित चौहान एवं स्थानीय मुखिया प्रेम प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। इस मौके पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ नए विद्यालय का स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद ने कहा कि पांकी में भले ही कई शिक्षण संस्थान मौजूद हैं, लेकिन जिस प्रकार की मजबूत, अनुभवी और समर्पित टीम इस विद्यालय से जुड़ी है, उससे यह उम्मीद की जा सकती है कि यह स्कूल आने वाले वर्षों में क्षेत्र के अग्रणी विद्यालयों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही समाज के समग्र विकास का आधार है।
उप प्रमुख अमित चौहान ने अपने संबोधन में विद्यालय और अभिभावकों की भूमिका पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। यदि दोनों मिलकर प्रयास करें, तो बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाया जा सकता है।
वहीं मुखिया प्रेम प्रसाद ने विद्यालय के संचालकों को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के शैक्षणिक संस्थान क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यालय की सफलता और प्रगति की कामना की।
कार्यक्रम का सफल संचालन उपेंद्र सर द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को व्यवस्थित और प्रभावशाली ढंग से संचालित किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।

0 टिप्पणियाँ