मेदिनीनगर (पलामू), संवाददाता।
पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेडमा स्थित समदा आहर के पास जमीन कारोबारी विनीत तिवारी की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम विनीत तिवारी का अपहरण कर लिया गया था। इसके बाद रविवार को सदर थाना क्षेत्र के जोरकट इलाके से उनका शव बरामद किया गया। परिजनों ने अपहरण का आरोप पड़ोस में रहने वाले प्रदीप तिवारी और रोशन तिवारी पर लगाया है, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पलामू एसपी कपिल चौधरी स्वयं घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। इस दौरान स्निफर डॉग की मदद से भी अपराधियों का सुराग लगाने का प्रयास किया गया।
एसपी ने मौके पर लोगों से अपील की कि यदि इस घटना से संबंधित कोई भी जानकारी हो तो पुलिस को दें, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जमीन विवाद में अपराध को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
घटना के विरोध में परिजनों ने डेड बॉडी के साथ रेडमा चौक को करीब आधे घंटे तक जाम कर दिया। हालांकि डीएसपी रंजीव रंजन के समझाने पर आंदोलन समाप्त कर दिया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया गया।
परिजनों के अनुसार, विनीत तिवारी शनिवार शाम करीब 7 बजे घर के पास टहल रहे थे, तभी अपराधियों ने जबरन उन्हें कार में बैठाकर अगवा कर लिया। बाद में आसपास के सीसीटीवी कैमरों में अपहरण की पूरी घटना कैद मिली, जिससे परिजनों की आशंका सही साबित हुई।
पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ