चंदवा (लातेहार), संवाददाता।
थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-75 रांची–मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर बिरसादाग स्थित मुगलदहा पुल के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरा। इस हादसे में वाहन सवार पांच लोग घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। एक घायल का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है।
बताया जा रहा है कि बोलेरो की रफ्तार अधिक थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गौरतलब है कि इसी स्थान पर तीन दिन पहले भी एक कार पुल के नीचे गिर चुकी थी। एक ही सप्ताह में दूसरी बड़ी दुर्घटना होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने इस पुल पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल के पास पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं हैं, जिसके कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। प्रशासन से जल्द आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है।

0 टिप्पणियाँ