ad

ad

गढ़वा एलआरडीसी कार्यालय का औचक निरीक्षण, आयुक्त कुमुद सहाय ने दिए सख्त निर्देश

गढ़वा (पलामू)। प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने मंगलवार को गढ़वा स्थित भूमि सुधार उप समाहर्ता (एलआरडीसी) कार्यालय का औचक निरीक्षण कर राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कई अभिलेख और पंजियां अद्यतन नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से रिकॉर्ड दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने सेवा पुस्तिका, सूचना का अधिकार (आरटीआई) पंजी, आगत-निर्गत रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की और उनकी अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी अभिलेख व्यवस्थित, पारदर्शी और अपडेट रहने चाहिए, ताकि आम लोगों को समय पर सेवाएं मिल सकें।

लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने ई-रेवेन्यू कोर्ट, दाखिल-खारिज से जुड़े अपीलीय मामलों सहित अन्य राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके अलावा अंचल और हल्का स्तर के कार्यों की जानकारी लेते हुए राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा की गई। पिछले वित्तीय वर्ष की उपलब्धियों का आकलन करते हुए चालू वर्ष के लक्ष्य को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने राजस्व संग्रह में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान रेंट फिक्सेशन, दखल-दिहानी, सर्टिफिकेट केस, कैंप कोर्ट और भूदान भूमि से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। इन सभी मामलों में लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

आयुक्त ने अधिकारियों को राजस्व कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने तथा जनहित के मामलों में संवेदनशीलता बरतने की हिदायत दी।

इस मौके पर आयुक्त के सचिव बिजय वर्मा, उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा और एलआरडीसी रविश राज सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

गढ़वा एलआरडीसी कार्यालय का औचक निरीक्षण, आयुक्त कुमुद सहाय ने दिए सख्त निर्देश