ad

ad

पिपराटांड़ के कर्मा गांव में युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी

पांकी: पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के कर्मा गांव में मंगलवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव निवासी राजमुनि पाठक के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों में रोष व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजमुनि पाठक रात में अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग उनके दरवाजे पर पहुंचे और किसी बहाने से उन्हें बाहर बुला लिया। बताया जाता है कि पहले उनकी पत्नी दरवाजा खोलने जा रही थीं, लेकिन पाठक ने उन्हें रोकते हुए खुद बाहर जाने का निर्णय लिया और यह कहकर निकले कि कुछ ही देर में लौट आएंगे।

घर से लगभग 200 मीटर दूर ले जाकर अपराधियों ने उनके सिर में गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के समय घर में उनकी पत्नी मौजूद थीं, जिन्हें इस वारदात की भनक तक नहीं लगी। आसपास के लोगों के अनुसार, पास में शादी समारोह चल रहा था और पटाखों की आवाज के कारण गोली चलने की आवाज किसी को सुनाई नहीं दी।

रात भर परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। सुबह जब उनकी पत्नी खोजते हुए घटनास्थल पर पहुंचीं, तो उन्होंने राजमुनि पाठक को जमीन पर गिरा हुआ पाया। इसके बाद शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या गोली मारकर की गई है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। वहीं डीएसपी मनोज कुमार झा भी मौके पर मौजूद रहे और जांच का नेतृत्व किया। डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाने का प्रयास किया।

इस दौरान कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और सभी ने एक स्वर में अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

पिपराटांड़ के कर्मा गांव में युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी