ad

ad

पलामू में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट ने जताई चिंता

डीटीओ से मिलकर सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि।
पलामू जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर सामाजिक संस्था वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट ने गंभीर चिंता जताई है। इसी क्रम में ट्रस्ट के सदस्यों ने सोमवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) जितेंद्र यादव से मुलाकात कर सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

मुलाकात के दौरान ट्रस्ट की ओर से ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया को और अधिक सख्ती से लागू करने की मांग की गई। सदस्यों ने कहा कि लाइसेंस आवेदकों की सही तरीके से जांच-पड़ताल होनी चाहिए, ताकि योग्य एवं प्रशिक्षित लोगों को ही वाहन चलाने की अनुमति मिल सके। साथ ही वाहन चालकों के दस्तावेजों की नियमित जांच सुनिश्चित करने की भी मांग की गई, जिससे बिना वैध कागजात वाले वाहन चालकों पर रोक लगाई जा सके।

ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण लापरवाही, तेज रफ्तार, बिना लाइसेंस वाहन चलाना, हेल्मेट का उपयोग नहीं करना तथा यातायात नियमों की अनदेखी है। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई के साथ-साथ व्यापक स्तर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने की मांग की।

डीटीओ जितेंद्र यादव ने ट्रस्ट की बातों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए आश्वासन दिया कि सड़क सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा जागरूकता अभियान को और तेज किया जाएगा।

इस अवसर पर ट्रस्ट की सचिव शर्मिला वर्मा ने कहा कि वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट पिछले चार वर्षों से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाकर हजारों लोगों को जागरूक कर चुका है। संस्था का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाना और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर पलामू को दुर्घटनामुक्त बनाने में सहयोग करें।

मौके पर ट्रस्ट की सदस्य डॉ. अमितू सिंह, मंजू चंद्रा एवं रानू सिन्हा उपस्थित थीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

झारखंड कांग्रेस समन्वय समिति में हृदयानंद मिश्र को अहम जिम्मेदारी