हुसैनाबाद (पलामू):
झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप) में कार्यरत जवान परशुराम कुमार सिंह का पश्चिम बंगाल में निधन हो गया। वे हुसैनाबाद के पचपोखरी गांव के निवासी थे। परिवार के अनुसार उनका पार्थिव शरीर सोमवार देर रात तक घर पहुंचने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि अंतिम यात्रा मंगलवार सुबह 7 बजे उनके हुसैनाबाद स्थित शिवपुरी कॉलोनी के आवास से निकलेगी। अंतिम संस्कार देवरी कला स्थित सोन नदी तट के मुक्तिधाम श्मशान घाट पर किया जाएगा।
परशुराम कुमार सिंह हाल ही में असम में चुनाव ड्यूटी पूरी करने के बाद पश्चिम बंगाल में तैनात थे। वहीं अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और ब्रेन हेमरेज के कारण उनका निधन हो गया।
इस दुखद घटना से पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

0 टिप्पणियाँ