चतरा : आगामी बकरीद पर्व को लेकर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान चलाया है। उत्पाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए हंटरगंज थाना क्षेत्र के एक जंगल में चल रही मिनी विदेशी शराब फैक्ट्री का खुलासा किया। मौके पर 7 अवैध भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया गया।
छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब बनाने की सामग्री बरामद की गई। अधिकारियों ने बताया कि यहां स्प्रिट में कैमिकल और एसेंस मिलाकर मिलावटी शराब तैयार की जा रही थी। शराब को अलग-अलग ब्रांड के नकली लेबल और होलोग्राम लगाकर बाजार में खपाने की तैयारी थी।
उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान लगभग 72 बोतल नकली विदेशी शराब, भारी मात्रा में नकली लेबल, खाली बोतलें, ढक्कन, रैपर और अन्य सामान जब्त किया। साथ ही करीब 30 लीटर स्प्रिट, 7 क्विंटल जावा महुआ तथा 2000 किलो महुआ नष्ट किया गया।
छापेमारी के दौरान करीब 180 लीटर अवैध महुआ शराब भी बरामद की गई। विभाग ने मौके पर ही शराब बनाने में उपयोग की जा रही सामग्री को नष्ट कर दिया।
उत्पाद अधीक्षक प्रेम प्रकाश उरांव ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
0 टिप्पणियाँ