जनसंवाद न्यूज | पांकी
पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत हुल्लोंग गांव में रविवार देर रात एक दुकान में आग लगने से भारी नुकसान हो गया। पीड़ित दुकानदार दीपक कुमार ने आरोप लगाया है कि कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी दुकान में आग लगा दी, जिससे नकदी समेत लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार, दुकान के समीप ही दीपक शर्मा का परिवार रहता है। रात में परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, तभी अचानक आग की लपटें उठती देख अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह परिवार के लोगों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
आग की इस घटना में दुकान में रखा फ्रिज, मिक्सर, मोबाइल फोन, टेबल फैन, स्टेबलाइजर, चौकी, होम थिएटर, गहने तथा करीब 30 हजार रुपये नकद जलकर राख हो गए।
पीड़ित दीपक कुमार ने बताया कि 17 मई की दोपहर कुछ लोगों के साथ उनका विवाद हुआ था। विवाद के दौरान उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई थी। इसी कारण उन्हें आशंका है कि उसी रंजिश में उनकी दुकान को निशाना बनाया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पांकी थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ