गढ़वा जिले के लातबाग स्थित इंडियन ऑयल के एक पेट्रोल पंप पर अवैध वसूली की शिकायत सही पाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप को सील कर दिया। यह कार्रवाई उस समय की गई जब सोशल मीडिया पर पेट्रोल और डीजल भराने के दौरान अतिरिक्त पैसे वसूले जाने का वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच कराई गई।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में पेट्रोल पंप कर्मियों द्वारा निर्धारित कीमत से अधिक राशि लेने की बात सामने आई थी। आरोप था कि ग्राहकों से प्रति गैलन पेट्रोल-डीजल पर करीब 200 रुपये तक अतिरिक्त वसूली की जा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त अनन्य मित्तल ने जांच के आदेश दिए।
उपायुक्त के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में एक जांच टीम गठित की गई। टीम में मेराल अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शामिल थे। अधिकारियों ने पेट्रोल पंप पहुंचकर दस्तावेजों की जांच की और ग्राहकों से भी पूछताछ की। जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप को सील कर दिया।
इसके साथ ही संबंधित संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश भी दिया गया है। जिला प्रशासन ने इंडियन ऑयल कंपनी को भी पूरे मामले की जानकारी भेज दी है। अधिकारियों ने कहा कि आम जनता से किसी भी प्रकार की ठगी या अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग प्रशासन की तत्परता की सराहना कर रहे हैं।
0 टिप्पणियाँ