ad

ad

बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, निगम ने शुरू किया जन शिकायत समाधान केंद्र


रांची:- बिजली बिल में गड़बड़ी, मीटर रीडिंग की समस्या, बार-बार बिजली बाधित होने जैसी परेशानियों से जूझ रहे उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने आम लोगों की शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए मुख्यालय स्तर पर “जन समस्या निवारण केंद्र” की शुरुआत की है।

रांची के कुसई कॉलोनी स्थित डाटा सेंटर में सोमवार को इस केंद्र का उद्घाटन डोरंडा निवासी 82 वर्षीय उपभोक्ता अशोक कुमार पांडेय ने किया। निगम की ओर से यह पहल कॉल सेंटर और ऑनलाइन शिकायत व्यवस्था के अतिरिक्त शुरू की गई है, ताकि उपभोक्ताओं को सीधे संवाद के माध्यम से जल्द समाधान मिल सके।

सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक मिलेगी सुविधा

मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह केंद्र प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक दो पालियों में संचालित किया जाएगा। इससे खासकर दुकानदारों, छोटे व्यापारियों, फैक्ट्री कर्मियों और नौकरीपेशा लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी, जो व्यस्त दिनचर्या के कारण समय पर शिकायत दर्ज नहीं करा पाते थे। अब वे काम पर जाने से पहले या लौटने के बाद भी अपनी समस्या दर्ज कर सकेंगे।

बिजली बिल, मीटर और सप्लाई से जुड़ी समस्याओं का होगा समाधान

निगम अधिकारियों के अनुसार इस केंद्र में बिजली बिल सुधार, मीटर रीडिंग की त्रुटि, ट्रांसफॉर्मर खराबी, लाइन फॉल्ट, बिजली आपूर्ति बाधित होने समेत अन्य तकनीकी और उपभोक्ता संबंधी शिकायतों का समाधान किया जाएगा। भविष्य में इस सेवा को 24×7 सुविधा के रूप में विकसित करने की भी योजना है।

शिकायत के लिए जारी किया गया हेल्पलाइन नंबर

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए निगम ने 9031110120 मोबाइल नंबर जारी किया है। इस नंबर पर संपर्क कर बिजली से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।

इस मौके पर निगम के सीएमडी के. श्रीनिवासन, के.के. वर्मा, रंजीत कुमार लाल सहित ऊर्जा विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग संगठनों और व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

कांग्रेस दलित प्रकोष्ठ अध्यक्ष अशोक पासवान के निधन पर शोक की लहर