पांकी। करार पंचायत अंतर्गत नादगाद गांव निवासी 66 वर्षीय धनराज भुइयां की हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। पुलिस हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान को लेकर विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों के सामने आने की संभावना है।
घटना की सूचना मिलने पर जिला परिषद मध्य सदस्य खुशबू कुमारी घटनास्थल पर पहुंचीं और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल व्याप्त है।
0 टिप्पणियाँ