मेदिनीनगर : सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को पलामू जिले के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान छः मुहान चौक, शाहपुर बस एवं टेम्पो स्टैंड, बैरिया चौक तथा रेडमा चौक पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने एवं ट्रिपल राइडिंग करने वाले दोपहिया वाहन चालकों को फूलों की माला पहनाकर जागरूक किया गया। उन्हें संदेश दिया गया कि यदि वे अपनी सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतेंगे और हेलमेट का उपयोग नहीं करेंगे, तो भविष्य में उनकी तस्वीर पर ही माला चढ़ानी पड़ सकती है। इस प्रतीकात्मक पहल के जरिए लोगों को हेलमेट पहनने और सुरक्षित वाहन संचालन का महत्व समझाया गया।
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा सेल के सदस्यों एवं पुलिस पदाधिकारियों ने हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव सहित विभिन्न यातायात नियमों की जानकारी दी। साथ ही नियमों के उल्लंघन से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं और उनके दुष्परिणामों से भी लोगों को अवगत कराया गया।
अभियान का उद्देश्य लोगों में यह भावना विकसित करना था कि सड़क सुरक्षा केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय है। अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
सड़क सुरक्षा सेल के प्रबंधक विनीत कुमार ने सभी वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे हेलमेट एवं सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जीवन अनमोल है, इसे लापरवाही के कारण व्यर्थ न गंवाएं।
0 टिप्पणियाँ