ad

ad

मोहर्रम-रामनवमी में बिजली कटौती का स्थायी समाधान निकाले प्रशासन : रिजवान खान

मोहर्रम एवं रामनवमी के दौरान बिजली कटौती पर कांग्रेस नेता ने जताई चिंता

मेदिनीनगर: पलामू जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रिजवान खान ने मोहर्रम एवं रामनवमी जैसे धार्मिक आयोजनों के दौरान होने वाली बिजली कटौती पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि धार्मिक जुलूसों के दौरान सुरक्षा कारणों से बिजली आपूर्ति बाधित की जाती है, लेकिन इसका खामियाजा पूरे शहर के लोगों को भुगतना पड़ता है। भीषण गर्मी में बुजुर्ग, बच्चे एवं आम नागरिक बिजली नहीं रहने से परेशान हो जाते हैं। बिजली कटने से पेयजल आपूर्ति सहित कई आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।

रिजवान खान ने कहा कि वर्ष 2000 में रामनवमी के दौरान हुई एक दुखद घटना में कई लोगों की जान गई थी, जिसके प्रति उनकी पूरी संवेदना है। हालांकि, घटना को दो दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की जा सकी है। उन्होंने सुझाव दिया कि जुलूस मार्गों पर आवश्यकतानुसार सीमित क्षेत्र की बिजली बंद की जाए, न कि पूरे शहर को अंधेरे में रखा जाए।

उन्होंने कहा कि शांति समिति की बैठकों में इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर गंभीरता से चर्चा होनी चाहिए और बिजली विभाग तथा प्रशासन को मिलकर दीर्घकालिक समाधान तैयार करना चाहिए। इसके लिए जुलूस मार्गों पर अंडरग्राउंड केबलिंग जैसी व्यवस्थाओं पर भी विचार किया जा सकता है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो जनहित में आंदोलन करने पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पलामू में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व-त्योहार मनाने की समृद्ध परंपरा रही है और सभी पक्षों को मिलकर इस समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

आज की ताजा खबर 6 अगस्त 2026 ।