मेदिनीनगर, पलामू। राज्य कार्यालय के निर्देशानुसार 24 एवं 25 जून 2026 को सभी जिलों में रक्तदान शिविर आयोजित कर न्यूनतम 100 यूनिट रक्त संग्रह करने के लक्ष्य के तहत बुधवार को जेएसएलपीएस जिला कार्यालय, पलामू में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के प्रथम दिन जिला कार्यालय, प्रखंड एवं प्रदान संस्था के कर्मियों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान करते हुए मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनीता सी. केरकेट्टा ने स्वयं रक्तदान कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जिससे जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
रक्तदान करने वालों में जिला कार्यालय के नवल किशोर राजू एवं शेखर लाल, प्रदान संस्था के प्रिंस सिंह, रुचिका सिंह, सुनील कुमार (बीपीओ), लॉरेंस लकड़ा (बीपीएम, सतबरवा), कुमारी नम्रता (बीपीएम, मनातू), सुमित कुमार (बीपीएम, रामगढ़) तथा यतीन्द्र ज्योति (बीपीएम, पाटन) सहित अन्य कर्मी शामिल रहे।
जेएसएलपीएस की ओर से बताया गया कि रक्तदान शिविर 25 जून को भी जारी रहेगा। दूसरे दिन विभिन्न प्रखंडों के कर्मियों के साथ-साथ सामुदायिक कैडर भी रक्तदान करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन को लेकर कर्मियों में उत्साह देखा गया और सभी ने इसे एक सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में निभाने का संकल्प लिया।
0 टिप्पणियाँ