रामगढ़, पलामू। जनसंवाद न्यूज संवाददाता
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एलएन तिवारी ने ‘चलो गांव की ओर’ कार्यक्रम के तहत रामगढ़ प्रखंड के सरहुआ, कांचन, मुसुरमू, उलदंडा और आदर गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मिलकर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली और सड़क निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया।
एलएन तिवारी ने बताया कि कुटी मोड़ से रामगढ़ तक सड़क निर्माण कार्य करीब एक वर्ष से बंद था। पिछले महीने उन्होंने कार्यपालक अभियंता, संबंधित संवेदक एवं पलामू उपायुक्त से मिलकर निर्माण कार्य पुनः शुरू कराने का अनुरोध किया था। उपायुक्त की तत्परता के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ। भ्रमण के दौरान उन्होंने कार्यस्थल पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
वहीं, उलदंडा पंचायत भवन के समीप मोड़ से आदर तक करीब सात किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत होने के बावजूद अब तक शुरू नहीं हो सका है। कार्यस्थल पर खर-पतवार की सफाई के बाद निर्माण कार्य बंद पड़ा है।
मौके से ही एलएन तिवारी ने आरईओ के कार्यपालक अभियंता अशोक कुमार से दूरभाष पर संपर्क कर उलदंडा-आदर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने तथा कुटी मोड़-रामगढ़ सड़क के निर्माण में तेजी लाने का आग्रह किया। कार्यपालक अभियंता ने आवश्यक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि उलदंडा-आदर सड़क को लेकर पलामू उपायुक्त से भी संपर्क कर निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
भ्रमण के दौरान पलामू कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अमरेश कुमार पाण्डेय, उलदंडा पंचायत के मुखिया महेंद्र प्रसाद, परमेश्वर सोनी, रामचंद प्रजापति, शंकर प्रजापति, दीपेश कुमार, सूरज साह, संतोष कुमार, कृष्णकांत प्रजापति, विजय मुंडा, जवाहर भुईहर, फैयाज अंसारी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।
एलएन तिवारी ने कहा कि गांवों में जनसमस्याओं का अंबार लगा हुआ है। नेताओं और कार्यकर्ताओं को गांवों में जाकर ग्रामीणों की समस्याओं को समझना चाहिए तथा उनके समाधान के लिए पहल करनी चाहिए। ग्रामीणों के साथ खड़े होकर उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करना ही जनसेवा का उद्देश्य होना चाहिए।
0 टिप्पणियाँ