ad

ad

डंडारकला में एनएसएस स्वयंसेवकों ने चलाया डोर-टू-डोर स्वच्छता अभियान

ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक, स्वच्छ गांव और स्वस्थ समाज का दिया संदेश

पांकी, पलामू। मजदूर किसान महाविद्यालय, डंडारकला, पांकी में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत गोद लिए गए गांव डंडारकला में स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने गांव के विभिन्न टोले एवं मोहल्लों में डोर-टू-डोर संपर्क कर ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी।

अभियान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार राम के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसमें एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. बंसीधर सिंह सहित एनएसएस के अधिकारीगण, स्वयंसेवक, शिक्षक एवं महाविद्यालय के शिक्षकेत्तर कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल हुए।

स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर ग्रामीणों से बातचीत की और घर, आंगन, गली-मोहल्ले तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। इस दौरान गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने, खुले में कचरा नहीं फेंकने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार राम ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति, संस्था या सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। जब प्रत्येक घर स्वच्छ होगा, तभी गांव स्वच्छ होगा और स्वच्छ गांवों के माध्यम से ही स्वस्थ एवं सशक्त भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवा शक्ति समाज में सकारात्मक बदलाव की महत्वपूर्ण वाहक है।

वहीं, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. बंसीधर सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सामुदायिक सहभागिता की भावना विकसित करना है। डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।

अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने “स्वच्छता अपनाएं, बीमारी भगाएं”, “स्वच्छ घर—स्वस्थ परिवार” और “स्वच्छ गांव—हमारी पहचान” जैसे संदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को प्रेरित किया। ग्रामीणों ने अभियान की सराहना करते हुए गांव को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने में सहयोग करने का संकल्प लिया।

अभियान के अंत में एनएसएस स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

जनसंवाद न्यूज संवाददाता


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

अयोग्य राशन कार्ड हटेंगे, पात्र आवेदकों को जल्द मिलेगा नया कार्ड