मेदिनीनगर, पलामू। जिले में जन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने शुक्रवार को चियांकी स्थित जन वितरण प्रणाली विक्रेता बिरेन्द्र कुमार तिवारी की दुकान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण तथा लाभुकों को दी जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के क्रम में दुकान की साफ-सफाई, खाद्यान्न के रख-रखाव, कार्डधारियों को समय पर राशन उपलब्ध कराने तथा धोती, साड़ी एवं लुंगी वितरण की व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही राशन वितरण के बाद लाभुकों को रसीद उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया की भी जांच की गई। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न समय पर उपलब्ध कराया जाए और वितरण प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने कहा कि राशन प्राप्त करने वाले प्रत्येक कार्डधारी को वितरण के बाद अनिवार्य रूप से रसीद दी जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और वितरण प्रक्रिया पर विश्वास बना रहे। उन्होंने दुकान में लाभुकों की सूची, उपलब्ध स्टॉक और वितरण से संबंधित सभी महत्वपूर्ण सूचनाओं को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा योजनावार खाद्यान्न के सुरक्षित एवं व्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न अभिलेखों और स्टॉक रजिस्टर की भी जांच की गई। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने संबंधित विक्रेता को सरकारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने तथा लाभुकों को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने की हिदायत दी।
पारदर्शी व्यवस्था से बढ़ेगा लाभुकों का विश्वास
जन वितरण प्रणाली गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा है। ऐसे में नियमित निरीक्षण और जवाबदेही तय होने से न केवल वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी, बल्कि लाभुकों का भरोसा भी मजबूत होगा। प्रशासन का यह प्रयास सुनिश्चित करेगा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही समय पर सही व्यक्ति तक पहुंचे।
0 टिप्पणियाँ