ad

ad

नशा मुक्ति का संदेश लेकर निकली साइक्लोथॉन, उपायुक्त बोले- पढ़ाई, खेल और देशभक्ति का हो जुनून

मेदिनीनगर, पलामू। नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को पलामू में भव्य साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर किया।
साइक्लोथॉन में युवाओं, विद्यार्थियों, खेल प्रेमियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए यह साइक्लोथॉन पुलिस लाइन पहुंचा, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर आयोजित साइकिल रेस के विजेताओं को उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
पुरुष वर्ग में अंकित यादव ने प्रथम, उत्कर्ष राज ने द्वितीय तथा अनव उरांव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में स्वीटी प्रथम, वीणा द्वितीय, अंशू तृतीय और अंसिका चतुर्थ स्थान पर रहीं।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि नशा केवल मादक पदार्थों का ही नहीं, बल्कि मोबाइल और गलत संगति का भी होता है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है तथा युवाओं को इससे दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगानी चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी चीज का जुनून होना चाहिए तो वह पढ़ाई, खेल, नवाचार और देशभक्ति का होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झारखंड प्रतिभाओं की भूमि है और यहां के युवा उचित अवसर मिलने पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, खेल विभाग, पलामू जिला साइक्लिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को लेकर पलामू प्रशासन पूरी तरह सतर्क, उपायुक्त व एसपी ने की तैयारियों की समीक्षा