ad

ad

नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को लेकर पलामू प्रशासन पूरी तरह सतर्क, उपायुक्त व एसपी ने की तैयारियों की समीक्षा

मेदिनीनगर: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG)-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए पलामू जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने समाहरणालय सभागार में संबंधित अधिकारियों, दंडाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक कर परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता, गोपनीयता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने होटल, लॉज, धर्मशाला एवं अन्य ठहराव स्थलों में जांच अभियान चलाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा अभ्यर्थियों की सघन जांच करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
परीक्षा की पूर्व संध्या पर उपायुक्त और एसपी ने संयुक्त रूप से केजी स्कूल, जिला स्कूल, गिरिवर विद्यालय एवं योग सिंह नामधारी महिला महाविद्यालय सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सीसीटीवी कैमरे, जैमर, कंट्रोल रूम, वीडियोग्राफी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के बैठने की सुविधाओं की जांच की गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और अनुशासन के साथ संपन्न कराया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को लेकर पलामू प्रशासन पूरी तरह सतर्क, उपायुक्त व एसपी ने की तैयारियों की समीक्षा