मेदिनीनगर (पलामू)। झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने गुरुवार देर रात छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित देवबंद पहाड़ पर चल रहे अवैध मोरम खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान अवैध खनन में संलिप्त एक संगठित गिरोह का खुलासा हुआ। कार्रवाई के बाद पुलिस ने चार हाइवा, एक पोकलेन मशीन सहित कई वाहनों को जब्त कर लिया। जानकारी के अनुसार, देवबंद पहाड़ से बड़े पैमाने पर मोरम का अवैध उत्खनन कर उसे बिहार भेजा जा रहा था। स्थानीय लोगों ने कई बार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी सूचना दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर मामले की जानकारी स्थानीय विधायक सह वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर तक पहुंचाई गई। सूचना मिलते ही वित्त मंत्री ने गुरुवार रात करीब 11 बजे अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस की भनक लगते ही अवैध कारोबार से जुड़े लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से ही उन्होंने पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी को स्थिति से अवगत कराया, जिसके बाद छतरपुर एसडीपीओ अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे।
एक वर्ष से चल रहा था अवैध कारोबार-
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि देवबंद पहाड़ पर पिछले लगभग एक वर्ष से अवैध खनन का कारोबार जारी था। ग्रामीणों का आरोप है कि खनन माफियाओं द्वारा लोगों को डराया-धमकाया जाता था और रात 9 बजे के बाद घरों से बाहर नहीं निकलने की चेतावनी दी जाती थी।
सरकार को हो रहा था राजस्व नुकसान-
वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि अवैध खनन के कारण राज्य सरकार को भारी राजस्व हानि हो रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री एवं खान विभाग द्वारा राज्यभर में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए हैं, बावजूद इसके कुछ क्षेत्रों में यह गतिविधि जारी है।
जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि जब्त किए गए सभी वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। संबंधित लोगों पर लघु खनिज अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। जब्त वाहनों में कुछ का निबंधन बिहार और छत्तीसगढ़ राज्यों में दर्ज है।
0 टिप्पणियाँ