ad

ad

भूमिहीन परचाधारियों को जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग, अंचल कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन

पाकी (पलामू)l अखिल भारतीय किसान महासभा के बैनर तले शुक्रवार को पाकी प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष भूमिहीन परचाधारियों को जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान एवं मजदूर शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान महासभा के पाकी प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार सिंह ने की, जबकि संचालन पलामू जिला सचिव कमेश सिंह चेरो ने किया। प्रदर्शन में संगठन के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बी.एन. सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए बी.एन. सिंह ने कहा कि लंबे संघर्षों के बाद भूमिहीन मजदूरों और किसानों को जमीन का पर्चा तो मिला, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में परचाधारियों को जमीन पर वास्तविक कब्जा नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि पलामू प्रमंडल के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर दलित समुदाय के परचाधारी इस समस्या से जूझ रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि तेतरियाडीह, ताल, दूरिया, टूनू, नवागढ़ समेत पूरे प्रखंड में भूमिहीन परचाधारियों की जमीन का न तो सीमांकन कराया गया है और न ही उन्हें कब्जा दिलाया गया है। इसके कारण लाभुक अपने अधिकारों से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि कुछ प्रभावशाली लोगों की नजर इन जमीनों पर है तथा परचाधारियों को उनके अधिकारों से दूर रखने की कोशिश की जा रही है। साथ ही अंचल कार्यालय के कुछ कर्मियों और जमीन दलाली से जुड़े लोगों की मिलीभगत का भी आरोप लगाया।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि सभी भूमिहीन परचाधारियों की जमीन का शीघ्र सीमांकन कराया जाए और उन्हें जमीन पर विधिवत कब्जा दिलाया जाए। इसके अलावा भूमि संबंधी अनियमितताओं पर रोक लगाने की भी मांग की गई।

प्रदर्शन के बाद अंचल अधिकारी की अनुपस्थिति में अंचल निरीक्षक उपेंद्र कुमार को मांगपत्र सौंपा गया। किसान महासभा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस अवसर पर महेंद्र राम, विंध्याचल सिंह, प्रयाग यादव, शमीम अंसारी, अरविंद सिंह, प्रदीप भुइयां, साबू देवी, सूबेदार भुइयां, वासुदेव भुइयां, जितेंद्र कुमार भुइयां सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

पोषण ट्रैकर एवं पीएमएमवीवाई योजनाओं की समीक्षा, लाभार्थियों के 100% एफआरएस सत्यापन का निर्देश