मेदिनीनगर। आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) को लेकर शुक्रवार को मेदिनीनगर स्थित टाउन हॉल में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डालटनगंज, विश्रामपुर, हुसैनाबाद एवं छत्तरपुर विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के सफल संचालन को लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से सभी कार्यों को संपन्न करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। इसके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए "जीरो एरर पॉलिसी" के तहत जिम्मेदारी निभानी होगी।
बैठक में मतदाताओं के सत्यापन, पूर्व मतदाता सूची से मिलान, डाटा प्रविष्टियों की जांच, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन, आवश्यक प्रपत्रों के संग्रहण एवं निष्पादन सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही बीएलओ सुपरवाइजरों को क्षेत्रवार कार्यों की नियमित निगरानी करने और प्रत्येक चरण की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने में मतदाता सूची की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए पुनरीक्षण अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारियों को पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
गौरतलब है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पलामू जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में 20 जून 2026 से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम प्रारंभ होगा। इस अभियान के माध्यम से मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में व्यापक कार्य किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ