मेदिनीनगर। आगामी 14 जून को आयोजित होने वाली विभागीय परीक्षा को लेकर पलामू प्रमंडलीय आयुक्त श्रीमती कुमुद सहाय ने शुक्रवार को गिरिवर +2 हाई स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, बिजली, सीसीटीवी, मेडिकल किट, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। साथ ही परीक्षा कक्षों में पर्याप्त रोशनी एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने परीक्षार्थियों के लिए चाय और बिस्किट की व्यवस्था उपलब्ध कराने का भी आदेश दिया।
उन्होंने परीक्षा केंद्र पर अनुशासन बनाए रखने तथा परीक्षा संबंधी सभी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया। आयुक्त ने विद्यालय प्रबंधन एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि सभी के सहयोग से परीक्षा का सफल और शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित किया जाए।
0 टिप्पणियाँ