मेदिनीनगर। समाहरणालय सभागार में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान की अध्यक्षता में पोषण ट्रैकर एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, डेटा की शुद्धता तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में राज्य स्तर से आए पोषण अभियान कंसल्टेंट काव्या ने सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं (एलएस) को निर्देश दिया कि पोषण ट्रैकर में दर्ज सभी लाभार्थियों का 100 प्रतिशत फेस रिकॉग्निशन सिस्टम (एफआरएस) सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पोषण ट्रैकर में लाभार्थियों का सही एवं अद्यतन डेटा उपलब्ध होना आवश्यक है, ताकि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच सके।
समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में जियो फेंसिंग के अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया। निर्देश दिया गया कि जो केंद्र निर्धारित जियो फेंसिंग क्षेत्र के बाहर संचालित हो रहे हैं, उन्हें जल्द से जल्द निर्धारित क्षेत्र के भीतर संचालित किया जाए। साथ ही सभी लाभार्थियों का वजन एवं लंबाई सही तरीके से पोषण ट्रैकर में दर्ज करने को कहा गया, जिससे बच्चों और महिलाओं की पोषण स्थिति का सटीक आकलन किया जा सके।
बैठक में लाभार्थियों की अपार आईडी और आभा आईडी बनाने तथा शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने का भी निर्देश दिया गया। वहीं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत नए लाभार्थियों का अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने, ड्यू-लिस्ट एवं लंबित मामलों को कम करने पर भी चर्चा हुई।
पीएमएमवीवाई कंसल्टेंट सुशील एवं काव्या ने लाभार्थियों के बैंक खातों को एनपीसीआई (NPCI) से लिंक कराने पर विशेष बल दिया, ताकि योजना की राशि सीधे और समय पर लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की जा सके।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में विभागीय पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं, पोषण अभियान एवं पीएमएमवीवाई से जुड़े कर्मी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ