ad

ad

विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को दिया गया प्रशिक्षण

मेदिनीनगर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत मंगलवार को पलामू जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना है।

सदर प्रखंड कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत शामिल हुए। उन्होंने प्रशिक्षण की प्रगति का जायजा लेते हुए बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से संवाद किया तथा निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की।

उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में दर्ज न हो। उन्होंने कहा कि इस कार्य में बीएलओ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

उन्होंने बताया कि 30 जून से बीएलओ घर-घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण करेंगे। इसके लिए उन्हें फॉर्म भरने की प्रक्रिया, मतदाताओं से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने तथा पूर्व मतदाता सूची के आधार पर मैपिंग संबंधी सभी बिंदुओं की जानकारी होना आवश्यक है। प्रशिक्षित बीएलओ मतदाताओं के बीच फैली भ्रामक जानकारियों को भी दूर करने में सक्षम होंगे।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का नाम पूर्व की एसआईआर मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें अतिरिक्त दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही पूर्व में दर्ज विवरण उनके पुत्र-पुत्रियों के लिए अभिभावक प्रमाण के रूप में मान्य होगा।

उन्होंने मैपिंग प्रक्रिया में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि गलत जानकारी देकर मैपिंग कराने वाले मतदाता विसंगति (एनोमली) की श्रेणी में आ सकते हैं, जिसके बाद उन्हें नोटिस, सुनवाई एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने की प्रक्रिया से गुजरना पड़ सकता है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह बीडीओ जागो महतो सहित बड़ी संख्या में बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

नगर आयुक्त रंजीत कुमार लाल ने प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय से की शिष्टाचार मुलाकात