मेदिनीनगर। पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, गलियों एवं मार्गों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने को लेकर समीक्षा बैठक की।
बैठक में उपायुक्त ने बताया कि नवंबर 2024 में अनाबद्ध निधि से शहर में 113 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए थे। उन्होंने वर्तमान में संचालित एवं खराब कैमरों की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी कैमरों के नियमित रखरखाव और निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने सभी सिटी मैनेजरों को निर्देश दिया कि शहर के संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों, गलियों और चौक-चौराहों का सर्वेक्षण कर एक सप्ताह के भीतर अतिरिक्त कैमरों की आवश्यकता संबंधी रिपोर्ट तैयार करें। उन्होंने थाना प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर एग्जिट प्वाइंट्स और महत्वपूर्ण आवागमन मार्गों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
बैठक में विभिन्न स्थानों की जरूरत के अनुसार अलग-अलग प्रकार के कैमरे लगाने पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी रणबीर सिंह को तकनीकी टीम के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य शहर में प्रभावी सर्विलांस सिस्टम विकसित करना, अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखना तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। बैठक में कैमरों की सुरक्षा और उनके रखरखाव के मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सदर एसडीएम सुलोचना मीणा, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर तिग्गा, शहर थाना प्रभारी, विभिन्न सिटी मैनेजर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ