मेदिनीनगर। आईडीबीआई बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, रांची द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत बुधवार को समाहरणालय परिसर में आयोजित समारोह में पलामू जिले के 10 दिव्यांगजनों के बीच पेट्रोल चालित तीन पहिया वाहनों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और पलामू के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने लाभुकों को वाहन की चाबियां सौंपकर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सादात अनवर भी मौजूद रहे।
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आईडीबीआई बैंक ने सीएसआर के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए एक सराहनीय पहल की है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन वाहनों से लाभुकों की आवाजाही आसान होगी, आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।
उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि जिला प्रशासन दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी सीएसआर के माध्यम से जनहित से जुड़े कार्यक्रमों का दायरा बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
समारोह में आईडीबीआई बैंक रांची रीजन के जीएम ऋषि गुप्ता, एजीएम अनुज सहाय, डालटनगंज शाखा प्रमुख संजीव कुमार यादव, टीएसएम पंकज कुमार सहित बैंक के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक, एनडीसी नीरज कुमार समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। वाहन प्राप्त करने वाले लाभुकों ने सरकार, जिला प्रशासन और आईडीबीआई बैंक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को उनके जीवन में नई उम्मीद देने वाला कदम बताया।
0 टिप्पणियाँ