ad

ad

पलामू में किसानों के लिए 15 दिवसीय डिजिटल कृषि जागरूकता अभियान शुरू, उपायुक्त ने रथों को किया रवाना

मेदिनीनगर (पलामू)। जिले के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकार की कृषि योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को 15 दिवसीय डिजिटल कृषि जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। समाहरणालय परिसर से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने तीन डिजिटल कृषि जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया।

यह विशेष अभियान आगामी 15 दिनों तक जिले के सभी प्रखंडों और ग्राम पंचायतों में संचालित होगा। निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार जागरूकता रथ गांव-गांव पहुंचकर ऑडियो-वीडियो और अन्य डिजिटल माध्यमों से किसानों को वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीजों के उपयोग, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण, कृषि यंत्रीकरण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती समेत आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी देंगे।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों तक कृषि विभाग और उससे जुड़े अन्य विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले और उनकी आय में वृद्धि हो, इसी लक्ष्य के साथ यह पहल शुरू की गई है। उन्होंने किसानों से अपील की कि जब जागरूकता रथ उनके गांव या पंचायत में पहुंचे तो वे कार्यक्रम में भाग लेकर कृषि विशेषज्ञों एवं विभागीय अधिकारियों से सीधे संवाद करें तथा योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त करें।

अभियान के दौरान प्रत्येक पंचायत में किसान संगोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में कृषि विशेषज्ञ किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, पशुपालन, डेयरी विकास, मत्स्य पालन तथा अन्य आयवर्धक गतिविधियों की जानकारी देंगे। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और तकनीकी सहायता से संबंधित आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी दीपक वर्मा, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

SIR-2026: फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन में सुस्ती पर उपायुक्त सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी